रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन एवं महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बनारस रेल इंजन कारखाना में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत स्वच्छता, अनुरक्षण एवं कार्यस्थल सुधार से संबंधित विभिन्न गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में बरेका के प्रशासनिक भवन, वर्कशॉप, विभिन्न कार्यस्थलों तथा आवासीय परिसरों में व्यापक साफ-सफाई एवं अनुरक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत प्रशासन भवन में सीलिंग फैन की विस्तृत साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही ऑफिसर्स रेस्ट हाउस (ORH) एवं ऑफिसर्स गेस्ट हाउस (OGH) में एयर कंडीशनर के फिल्टरों की सफाई की गई, जिससे स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। दोनों परिसरों में स्थापित गीजरों की कार्यक्षमता की जांच भी की गई, ताकि उनकी सुरक्षित एवं सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में प्रशासन भवन स्थित सब-स्टेशन व उसके आस पास की भी विस्तृत साफ-सफाई की गई तथा प्रशासनिक भवन के बाथरूम की विशेष सफाई कर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं ORH के किचन की गहन सफाई कर स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्वच्छता गतिविधियां की गईं।
बरेका वर्कशॉप परिसर में भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उगी घास एवं एकत्रित कचरे की सफाई कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। इसके साथ ही वर्कशॉप एवं आवासीय कॉलोनी क्षेत्रों में फॉगिंग कराई गई। कर्मशाला में लोको ट्रैक्शन शॉप की लाइन संख्या 10 एवं 11 के ट्रैक की सफाई की गई तथा वर्कशॉप के बाहर BG गेट के पास भी विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर के दिशा निर्देशन में विद्युत अनुरक्षण विभाग द्वारा बरेका के अनुरक्षण क्षेत्र- 1, 2 एवं 3, सीटीएस, एमएसएस, टूल रूम, मॉड सेल, स्मॉल टूल एवं कार्यालय परिसरों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यस्थलों पर जमा कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाकर संबंधित परिसरों की सफाई की गई तथा कार्यस्थलों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन 6.0 के माध्यम से बरेका में स्वच्छता के साथ-साथ कार्यस्थल सुधार, अनावश्यक सामग्री के निस्तारण, अनुरक्षण तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन अभियानों का उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यप्रणाली एवं कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना है।
Source – RSB

