बरेका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ

महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इस क्रम में 26 अक्टूबर को प्रशासन भवन स्थित स्वागती  हॉल में प्रातः 11:00 बजे ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सदैव सजग रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सप्ताह लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वाले सप्ताह में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष की विषयवस्तु ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ समाज एवं कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने का संदेश देती है।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नैतिक आचरण, ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से संगठनात्मक कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनहित एवं संस्थागत विश्वास को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री नीरज सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source - RSB

Previous Next