उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अक्टूबर 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बनारस-प्रयागराज रामबाग और बनारस सिटी-राजातालाब के बीच 10 मेमू ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से वाराणसी और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रात्रिकालीन रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए आधुनिक, आरामदायक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। वहीं, 10 मेमू सेवाओं के शुरू होने से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इन सेवाओं से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए मासिक सीजन टिकट की दर वाराणसी क्षेत्र में 95 रुपये और वाराणसी से प्रयागराज के लिए 220 रुपये निर्धारित की गई है।
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर चलकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी। रास्ते में यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होकर गुजरेगी।
आधुनिक तकनीक से लैस इस ट्रेन में ऊर्जा दक्षता के लिए रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, उन्नत वायुगतिकीय डिजाइन, स्टेनलेस स्टील के डिब्बे और स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सुरक्षा के लिए ट्रेन टक्कर बचाव प्रणाली (टीसीएएस), अग्नि एवं धुआं पहचान प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन अलार्म पुश बटन उपलब्ध हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ एवं शौचालय, चार्जिंग सॉकेट, यूएसबी पोर्ट और वाई-फाई की व्यवस्था की गई है। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी दी गई है।
रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नॉर्थ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, पटना और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने की योजना है। प्रस्तावित यात्रा समय के अनुसार दिल्ली से कानपुर लगभग एक घंटे 45 मिनट, दिल्ली से आगरा 59 मिनट, दिल्ली से लखनऊ दो घंटे 12 मिनट, वाराणसी से लखनऊ एक घंटे 21 मिनट, वाराणसी से पटना लगभग एक घंटे और वाराणसी से दिल्ली लगभग तीन घंटे 33 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में मेक इन इंडिया की भावना को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई रेल सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेमू सेवाओं से स्थानीय यात्रियों को कम खर्च में आवागमन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण से सुरक्षा बेहतर हुई है, जबकि मालगाड़ियों के लिए अलग रेल लाइन विकसित होने से माल परिवहन और यात्री ट्रेनों के संचालन में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेल अवसंरचना से सुरक्षित, तेज और समयबद्ध यात्रा का सपना साकार हो रहा है।
Source – RSB

