तिरंगे की शान में रंगा उत्तर मध्य रेलवे, धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

उत्तर मध्य रेलवे प्रधान कार्यालय, प्रयागराज में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने ध्वजारोहण किया और रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट एवं गाइड तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए 25 रेलकर्मियों और 6 संविदा सफाईकर्मियों सहित 31 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में “हर घर तिरंगा–वंदे मातरम” थीम पर विशेष प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हिमा चौहान सिंह ने 12 दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी वितरित की।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने बताया कि जुलाई 2026 तक सकल मूल अर्जन में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यात्री अर्जन में 15 प्रतिशत से अधिक, मालभाड़ा अर्जन में 10.5 प्रतिशत और टिकट जांच से अर्जन में 23.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। स्क्रैप बिक्री से 179 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड अर्जन हुआ। यात्रियों की सुविधा के लिए 4,656 ट्रिप ट्रेन ऑन डिमांड चलाई गईं और 18 नई ट्रेनें शुरू की गईं।

संरक्षा के क्षेत्र में 716 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच प्रणाली लगाई जा चुकी है और 303 रेल इंजनों में कवच उपकरण लगाए गए हैं। वहीं, 741 वातानुकूलित कोचों और 74 पावर कारों में फायर एवं स्मोक डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण के तहत 23.9 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं। अप्रैल से जून 2026 के दौरान इनसे 6.95 मिलियन यूनिट ऊर्जा का उत्पादन हुआ, जिससे 4.50 करोड़ रुपये की राजस्व बचत हुई।

महाप्रबंधक ने बताया कि ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 650 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि ऑपरेशन नारकोस में 49 लोगों को गिरफ्तार कर 2.39 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री बरामद की गई। कर्मचारियों के स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और कल्याण के लिए भी कई पहल की गईं। समारोह को वेबकास्ट के माध्यम से रेलकर्मियों और अन्य लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी।

Source - RSB

Previous Next