कोलकाता और न्यू कूचबिहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी की अधिसूचना

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता और न्यू कूचबिहार के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में किया जाएगा। ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। इस सेवा के शुरू होने से कोलकाता और न्यू कूचबिहार के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन के संचालन के लिए नवंबर महीने की अलग-अलग तिथियां निर्धारित की हैं।

ट्रेन संख्या 03125 कोलकाता से न्यू कूचबिहार के बीच प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। इसकी सेवा 7 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03126 न्यू कूचबिहार से कोलकाता के बीच प्रत्येक रविवार को चलेगी। इसका संचालन 8 नवंबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है।

दोनों दिशाओं में चलने वाली यह विशेष ट्रेन नैहाटी, राणाघाट, कृष्णानगर सिटी, बहरामपुर कोर्ट, आजिमगंज, जंगीपुर रोड, न्यू फरक्का और मालदा टाउन स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे इन स्टेशनों के यात्रियों को भी इस विशेष रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

इस ट्रेन में यात्रियों के लिए जनरल सेकेंड क्लास, स्लीपर क्लास और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। यात्री इस विशेष ट्रेन के टिकट पीआरएस काउंटर और इंटरनेट के माध्यम से बुक कर सकते हैं।

यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।

Source – ER & RSB

Previous Next

TAGGED