उरई स्टेशन पर उद्योगकर्मी एक्सप्रेस के ठहराव समय में बढ़ोतरी, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रेलवे प्रशासन द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12943/12944 वलसाड-कानपुर सेंट्रल-वलसाड उद्योगकर्मी एक्सप्रेस के उरई स्टेशन पर ठहराव के समय को 2 मिनट से बढ़ाकर 5 मिनट करने का निर्णय लिया गया है। यह संशोधित व्यवस्था गाड़ी संख्या 12943 वलसाड-कानपुर एक्सप्रेस के लिए प्रारंभिक स्टेशन वलसाड से यात्रा प्रारंभ की तिथि 16 सितंबर 2026 से तथा गाड़ी संख्या 12944 कानपुर-वलसाड एक्सप्रेस के लिए कानपुर से यात्रा प्रारंभ की तिथि 19 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी।

संशोधित समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12943 वलसाड-कानपुर उद्योगकर्मी एक्सप्रेस अब उरई स्टेशन पर दोपहर 15:28 बजे पहुंचकर 15:33 बजे प्रस्थान करेगी। इसके साथ ही इस ट्रेन का  पुखरायां स्टेशन पर संशोधित समय शाम 16:08 बजे आगमन एवं 16:10 बजे प्रस्थान रहेगा। वहीं वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 12944 कानपुर-वलसाड उद्योगकर्मी एक्सप्रेस उरई स्टेशन पर सुबह 09:39 बजे आगमन कर 5 मिनट के ठहराव के बाद 09:44 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित स्टेशनों, पूछताछ कार्यालयों अथवा अधिकृत माध्यमों से समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।

Source – NCR & RSB

Previous Next

TAGGED