भारतीय रेल द्वारा क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अम्ब अन्दौरा-अंबाला छावनी मेमू ट्रेन (64564/64563) का विस्तार अब रायपुर हरियाणा स्टेशन तक कर दिया गया है। यह निर्णय क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को अब अधिक स्टेशनों से सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
इस विस्तार के साथ ट्रेन को जिन नए स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, उनमें कुरुक्षेत्र जंक्शन, कैथल, नरवाना जंक्शन, जाखल जंक्शन, उकलाना और बरवाला शामिल हैं। इन नए स्टॉप्स से ट्रेन सेवा का लाभ अब हरियाणा और पंजाब के बीच यात्राएं करने वाले हजारों यात्रियों को मिलेगा, जो कि रोज़मर्रा की यात्रा, व्यवसायिक कामों या सामाजिक कारणों से यात्रा करते हैं।
रेल प्रशासन का कहना है कि यह पहल यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी और क्षेत्रीय रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और सकारात्मक प्रयास है। उम्मीद है कि इससे स्थानीय आवागमन को गति मिलेगी और लोगों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी पता करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें।
Source/RSB

