बद्रीनाथ, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम और द्वारका देश की चार दिशाओं में अवस्थित चार ऐसे धाम हैं, जहां की यात्रा करना हर भारतीय की चाहत होती है। देश के इन चारों धाम की यात्रा अब रेल से कर पाना संभव है। इसके लिए भारतीय रेल द्वारा भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन चलाई जा रही है। इससे पहले भी भारतीय रेल दो बार चारों धाम को जोड़ने के लिए भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन का संचालन कर चुकी है।
इस वर्ष दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से 27 मई को 17 दिवसीय चार धाम भारत गौरव डीलक्स यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा में बद्रीनाथ, माना गांव, नरसिंह मंदिर, जोशीमठ, ऋषिकेश, जगन्नाथ मंदिर, पुरी समुद्र तट, कोणार्क सूर्य मंदिर, चंद्रभागा समुद्र तट, रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोड़ी, द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा भेंट द्वारका जैसी प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इस यात्रा में जाने वाले यात्री वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, पुणे में भीमशंकर मंदिर और नासिक में त्र्यंबकेश्वर मंदिर का भी दर्शन करेंगे। 17 दिनों की इस यात्रा में कुल 8425 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन में कई आधुनिक व आरामदायक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जैसे दो डायनिंग रेस्टोरेंट, एक मॉडर्न किचन, स्नान के लिए क्यूबिक स्नानघर, बायो-टॉयलेट युक्त वॉशरूम, फुट मसाजर, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड। यह ट्रेन पूर्णतया वातानुकूलित है, जिसमें फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी की बुकिंग उपलब्ध है।
इस ट्रेन का संचालन भारतीय रेल कैटरिंग एवं टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) द्वारा किया जाएगा और टिकट की बिक्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी। एक पैकेज रेट निर्धारित किया गया है, जिसमें यात्रा टिकट, तीन सितारा होटल में ठहराव, तीनों समय का भोजन, साइटसीइंग, ट्रैवल इंश्योरेंस और टूर मैनेजर की सेवा शामिल है।
इस ट्रेन में 150 सीटें उपलब्ध हैं, जिनकी बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। ट्रेन से संबंधित विस्तृत जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट और वेब पोर्टल पर उपलब्ध है।
भारतीय रेल के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) ने बताया कि देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को जोड़ने के उद्देश्य से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन किया जाता है। इससे धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करना अब अधिक सुगम हो गया है।
Source/RSB

