80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन पूरे उत्साह, उमंग, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झाँसी में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस अवसर पर सर्वप्रथम ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की भावपूर्ण प्रस्तुति हुई। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ ही पूरा रेल परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया और वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
ध्वजारोहण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेल सुरक्षा बल की टुकड़ी, विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों एवं स्कूली बच्चों द्वारा अनुशासित एवं गरिमापूर्ण परेड प्रस्तुत की गई। परेड में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा महाप्रबंधक महोदय के संदेश का वाचन किया गया। संदेश में भारतीय रेल की कार्यप्रणाली में सुरक्षा, समयपालन, यात्री सुविधाओं, सेवा भावना एवं निरंतर सुधार के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही राष्ट्र निर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका तथा रेलकर्मियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की गई। सभी रेलकर्मियों से सुरक्षित, कुशल एवं बेहतर रेल सेवा प्रदान करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से रेल सेवा को बेहतर बनाने वाले इन रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित रेलकर्मियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण विभिन्न विद्यालयों, स्काउट एंड गाइड और संरक्षा टीम के प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों एवं स्काउट एंड गाइड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरव, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देश की विविधता में एकता की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। महिला समाज सेवा समिति की अध्यक्षा श्रीमती जया शर्मा द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मान प्रदान किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों एवं प्रतिभागियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महिला समाज सेवा समिति द्वारा विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को स्कूल ड्रेस भी वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करना रहा। ड्रेस प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। इसके अतिरिक्त समिति की ओर से मंडल रेल चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को उपहार वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। समिति की इन सेवा गतिविधियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में सेवा, संवेदना, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रमुखता प्रदान की।
समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार एवं अन्य शाखा अधिकारियों द्वारा तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया। आसमान की ओर उड़ते तिरंगे गुब्बारों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के उल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया तथा समारोह को विशेष एवं यादगार बना दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के माध्यम से झाँसी मंडल के रेलकर्मियों ने राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह में भारतीय रेल की सेवा भावना, सामाजिक सरोकार, प्रतिभा को प्रोत्साहन और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
समारोह के अंत में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय श्री आशुतोष चौरसिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा आयोजन समिति को 50 हजार रुपये तथा सभी स्कूलों को सामूहिक रूप से 1 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन श्री नंदीश शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री जे. के. शर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री सत्य साधन सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर समन्वय श्रीमती रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी श्री सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन समेत सभी शाखा अधिकारी, महिला समाज सेवा समिति के सदस्य, कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
झाँसी रेलवे माल गोदाम में भी उत्साहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
इसी क्रम में प्रतिवर्ष की भाँति झाँसी रेलवे माल गोदाम में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
Source – NCR & RSB

