वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मध्य रेल ने स्क्रैप बिक्री से अर्जित किए ₹136.10 करोड़ - पिछले पाँच वर्षों की पहली तिमाही का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

मध्य रेल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने सभी पाँच मंडलों एवं कारखानों में "मिशन–जीरो स्क्रैप स्टेटस" को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे के कबाड़ (स्क्रैप) को मूल्यवान राजस्व-सृजनकारी परिसंपत्ति में परिवर्तित करना तथा संसाधनों का प्रभावी एवं दक्षतापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना है।

मध्य रेल के स्टोर्स विभाग द्वारा दूर-दराज़ एवं बिखरे हुए स्थानों सहित सभी पाँचों मंडलों में पड़े स्क्रैप की पहचान कर उसके व्यवस्थित निस्तारण के लिए व्यापक एवं समन्वित अभियान चलाए गए। इन विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप स्क्रैप बिक्री से होने वाली आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

पहली तिमाही (अप्रैल–जून 2026) में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के दौरान मध्य रेल ने स्क्रैप बिक्री से ₹136.10 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।

यह पिछले पाँच वर्षों की पहली तिमाही का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है इससे पूर्व पहली तिमाही में स्क्रैप बिक्री से प्राप्त राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में ₹71.94 करोड़, 2024-25 में ₹81.09 करोड़, 2023-24 में ₹81.64 करोड़ तथा 2022-23 में ₹101.40 करोड़ रहा था।

यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में स्क्रैप बिक्री से प्राप्त राजस्व में 89 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को भी दर्शाती है।

स्क्रैप बिक्री में मुंबई मंडल ने ₹22.43 करोड़ की सर्वाधिक आय अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद भुसावल मंडल ने ₹20.44 करोड़, नागपुर मंडल ने ₹19.98 करोड़, पुणे मंडल ने ₹18.19 करोड़ तथा सोलापुर मंडल ने ₹6.44 करोड़ की स्क्रैप बिक्री दर्ज की। इसके अतिरिक्त परेल एवं माटुंगा कारखानों तथा मध्य रेल के अन्य स्थानों पर स्थित शेडों एवं इकाइयों ने सामूहिक रूप से ₹48.62 करोड़ की स्क्रैप बिक्री कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह उपलब्धि विभिन्न प्रकार के स्क्रैप एवं अनुपयोगी सामग्रियों के व्यवस्थित निस्तारण के माध्यम से प्राप्त की गई है। इनमें मुख्य रूप से रेल परमानेंट-वे (Permanent Way) के स्लीपर, लौह एवं अलौह धातु (फेरस एवं नॉन-फेरस) स्क्रैप, अनुपयोगी (कंडेम्ड) कोच एवं वैगन तथा अन्य कबाड़ सामग्री शामिल हैं।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि "मिशन–जीरो स्क्रैप स्टेटस" के प्रति मध्य रेल की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह वित्तीय अनुशासन, परिचालन दक्षता, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा पर्यावरणीय सततता को बढ़ावा देने की दिशा में मध्य रेल के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

Source – CR & RSB

Previous Next