आगरा मंडल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुविधाओं हेतु विशेष UMID/HRMS कैंप का शुभारंभ

मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुविधा के लिए आयोजित विशेष UMID/HRMS कैंप का शुभारंभ दिनांक 23.07.2026 को उत्तर मध्य रेलवे संस्थान, आगरा छावनी में किया गया।

कैंप के प्रथम दिन बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उपस्थित होकर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाया। कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की UMID कार्ड, HRMS प्रोफाइल, लॉगिन, पेंशन एवं अन्य संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

यह विशेष कैंप 23 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक (रविवार को अवकाश रहेगा) संचालित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों की UMID एवं HRMS से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

आगरा रेल मंडल सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अनुरोध करता है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान उत्तर मध्य रेलवे संस्थान, आगरा छावनी में आयोजित इस विशेष UMID/HRMS कैंप में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपनी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

Source – RSB

Previous Next