महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने दीघा ब्रिज हॉल्ट-झाझा रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

झाझा मेमू शेड का भी लिया जायजा, संरक्षा, यात्री सुविधा एवं स्वच्छता पर दिया विशेष जोर

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने दीघा ब्रिज हॉल्ट से झाझा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर ट्रैक अनुरक्षण, रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने फतुहा, बख्तियारपुर एवं बाढ सहित विभिन्न स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा रेल अवसंरचना से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, स्टेशनों पर स्वच्छता का उच्च स्तर बनाए रखने तथा विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने झाझा मेमू शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेमू रेक के अनुरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं शेड के विभिन्न आंतरिक भागों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मेमू रेक का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार सहित दानापुर मंडल एवं मुख्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source – ECR & RSB

Previous Next