केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा, मोदी सरकार में बड़ा फेरबदल

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। इसकी पुष्टि राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में की गई है।

रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बेअंत सिंह के पोते हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। भाजपा के टिकट पर उन्होंने लुधियाना से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। इसके बावजूद मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में उन्हें रेल राज्य मंत्री तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री बनाया गया था।

बिट्टू वर्तमान में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी उन्हें संगठन या चुनावी राजनीति में कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है और कहा है कि वह पार्टी के निर्णय का इंतजार करेंगे। 

Source-RSB

Previous Next