निजी सूचीबद्ध अस्पतालों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समस्याओं के समाधान पर चर्चा
आगरा मंडल में रेलवे लाभार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में निजी सूचीबद्ध स्वास्थ्य सेवा संस्थानों (Private Empanelled Health Care Organisations) के संचालकों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा दयाल, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव चुग व आगरा मंडल के चिकित्सकों तथा निजी सूचीबद्ध अस्पतालों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान रेलवे लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें उपचारात्मक चिकित्सा सेवाओं (Curative Healthcare) के साथ-साथ निवारक स्वास्थ्य सेवाओं (Preventive Healthcare) को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नई स्वास्थ्य सेवा नीति एवं संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप रेलवे लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में आने वाली परिचालन संबंधी कठिनाइयों पर विचार-विमर्श किया गया। इन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने तथा स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे लाभार्थियों को समयबद्ध, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करना तथा निजी सूचीबद्ध स्वास्थ्य सेवा संस्थानों के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करना रहा।
Source – RSB

