आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में तैयार हुआ हरपालपुर रेलवे स्टेशन
झांसी मंडल के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल हरपालपुर रेलवे स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। लगभग एक शताब्दी से अधिक समय से क्षेत्र की रेल परिवहन आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा हरपालपुर स्टेशन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र रहा है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित यह स्टेशन झांसी–मानिकपुर रेलखंड पर स्थित है तथा छतरपुर, टीकमगढ़, महोबा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कृषि उपज, स्थानीय व्यापार, धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों तथा दैनिक आवागमन के लिए यह स्टेशन लंबे समय से क्षेत्रवासियों की जीवनरेखा बना हुआ है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 11.745 करोड़ रुपये की लागत से हरपालपुर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य पूर्ण किया गया है। इस योजना के माध्यम से स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया गया है। स्टेशन भवन के उन्नयन के साथ इसकी वास्तुकला को आकर्षक रूप दिया गया है तथा प्रवेश क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया गया है।
स्टेशन भवन का नवीनीकरण कर आधुनिक बुकिंग हॉल, विशाल पोर्च, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक आंतरिक सज्जा तथा यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है। स्टेशन परिसर में नया प्रवेश द्वार विकसित किया गया है तथा स्टेशन भवन के बाहरी स्वरूप को रात्रिकालीन आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से और अधिक भव्य बनाया गया है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 7200 वर्गमीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया गया है। सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र, आंतरिक सड़कें, उद्यान विकास, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था तथा यातायात के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक अवसंरचना विकसित की गई है। स्टेशन परिसर को व्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण स्वरूप प्रदान करने के साथ यात्रियों के आगमन एवं प्रस्थान को अधिक सहज बनाया गया है।
स्टेशन के प्लेटफॉर्मों का व्यापक उन्नयन किया गया है। लगभग 9500 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग तथा लगभग 9830 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों को सभी मौसमों में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। प्लेटफॉर्मों पर बेहतर फर्श, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आधुनिक संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था से यात्री अनुभव में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
स्टेशन पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय तथा स्लीपर श्रेणी के यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किए गए हैं। इन प्रतीक्षालयों में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण तथा आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा अवधि के दौरान अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक पे-एंड-यूज़ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय तथा प्रतीक्षालयों से जुड़े स्वच्छ शौचालयों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। इन शौचालयों में आधुनिक फिटिंग, बेहतर स्वच्छता मानकों तथा सुगम उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएँ विकसित की गई हैं। रैंप, स्पर्शनीय (टैक्टाइल) पाथवे, दिव्यांगजन पार्किंग, दिव्यांगजन शौचालय, हेल्प बूथ, निम्न ऊँचाई टिकट काउंटर, व्हीलचेयर सुविधा, सुलभ प्रवेश मार्ग, दिव्यांगजन अनुकूल जल बूथ तथा उपयुक्त साइनेज की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी यात्रियों के लिए स्टेशन अधिक समावेशी और सुगम बन सका है।
स्टेशन पर आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली के अंतर्गत नए साइनेज, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए एलईडी ल्यूमिनेयर, सजावटी पोल, हाईमास्ट तथा सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे ऊर्जा दक्षता के साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हरपालपुर स्टेशन की सांस्कृतिक पहचान को भी विशेष महत्व दिया गया है। स्टेशन की सीमा दीवारों पर आकर्षक चित्रकला एवं स्थानीय कला-संस्कृति से प्रेरित कलाकृतियों का सृजन किया गया है। पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवन, सामाजिक संदेश तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले चित्र स्टेशन को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते हैं।
स्टेशन पर मोबाइल चार्जिंग सुविधा, ईवी चार्जिंग, एटीवीएम, जलापूर्ति, पेयजल व्यवस्था, व्हीलचेयर, अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी निगरानी, कोच इंडिकेशन बोर्ड, आपातकालीन निकास संकेतक, प्लेटफॉर्म एज मार्किंग, फर्स्ट एड बॉक्स, लेन मार्किंग तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं को भी विकसित एवं सुदृढ़ किया गया है।
हरपालपुर रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। आधुनिक स्टेशन से पर्यटन, व्यापार, कृषि उत्पादों के आवागमन तथा स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर रेल अवसंरचना के माध्यम से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी, जिससे बुंदेलखंड के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी तथा हरपालपुर रेलवे स्टेशन आने वाले वर्षों में क्षेत्र की प्रगति और आधुनिक भारत की रेल यात्रा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।
Source - RSB

