झांसी मंडल में पहली बार 56 दिव्यांग रेल कर्मचारियों को मिली थ्री-व्हीलर स्कूटी

स्टाफ बेनिफिट फंड की पहल से लोकोमोटिव दिव्यांग कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन

उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के स्टाफ बेनिफिट फंड (SBF) द्वारा सीनियर रेल संस्थान, झांसी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में 56 लोकोमोटर दिव्यांग रेल कर्मचारियों को थ्री-व्हीलर स्कूटी वितरित की गई। झांसी मंडल में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है, जिसका उद्देश्य दिव्यांग कर्मचारियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके दैनिक आवागमन को अधिक सुरक्षित, सरल एवं सम्मानजनक बनाना है।

मंडल रेल प्रबंधक, झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल सदैव अपने कर्मचारियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों को थ्री-व्हीलर स्कूटी उपलब्ध कराना उनके आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता एवं कार्यक्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल लाभार्थियों के जीवन को अधिक सुगम बनाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए स्कूटी चलाने का आह्वान किया। इसके उपरांत उन्होंने सभी 56 लाभार्थी दिव्यांग रेल कर्मचारियों को थ्री-व्हीलर स्कूटी की चाबियाँ प्रदान कर शुभकामनाएँ दीं।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं स्टाफ बेनिफिट फंड के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार शर्मा ने भारतीय रेल में दिव्यांगजन (PwBD) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समावेशी कार्य संस्कृति किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूटियों में ARAI अनुमोदित रेट्रोफिटेड किट लगाई गई है तथा सभी वाहनों का RTO पंजीकरण एवं बीमा भी कराया गया है। उन्होंने स्टाफ बेनिफिट फंड द्वारा कर्मचारियों के लिए गंगटोक भ्रमण, ग्रुप 'डी' रेस्ट हाउस का पुनर्विकास, चित्रकूट एवं खजुराहो हॉलीडे होम, पेंशनर्स सेवा कक्ष, चिकित्सा सुविधाएँ, बीमारी अनुदान तथा मेधावी बच्चों के लिए छात्रवृत्ति जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी श्री जी .पी. मिश्रा ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा लाभान्वित कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। लाभार्थी कर्मचारियों ने भारतीय रेल एवं स्टाफ बेनिफिट फंड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके दैनिक आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाएगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ला, मंडल के सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, स्टाफ बेनिफिट फंड समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source - NCR

Previous Next