रेलवे यात्रियों की संख्या, टिकटों की बिक्री और सीसीटीवी कैमरा की लाइव मॉनिटरिंग के माध्यम से विभिन्न स्टेशनों पर निगरानी कर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को विशेष हिदायत दी है कि हर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या की निगरानी की जाए और इसके अनुसार विशेष गाड़ियां चलाई जाएं।
22 फ़रवरी, 2025 की शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या में औसत से अधिक वृद्धि हुई। इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने समयबद्ध रूप से नई दिल्ली स्टेशन से प्रयाग के लिए 5 अनारक्षित ट्रेनें चलाईं। टिकट बिक्री और यात्रियों की भीड़ की निगरानी उच्चतम स्तर पर की गई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे बोर्ड के वॉर रूम से स्थिति पर नजर रख रहे थे, जबकि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार भी ट्रेनों की मॉनिटरिंग करते रहे।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा नई दिल्ली स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम से स्थिति पर निगरानी रख रहे थे। 22 फ़रवरी, 2025 की शाम प्रयागराज के लिए टिकट बिक्री सामान्य से अधिक रही।
टिकट बिक्री का विवरण:
- 1800 से 1900 बजे तक: 2375 टिकटें बिकीं, ट्रेन संख्या 0470 1900 बजे रवाना हुई।
- 1900 से 2000 बजे तक: 2950 टिकटें बिकीं, ट्रेन संख्या 04074 2000 बजे रवाना हुई।
- 2000 से 2100 बजे तक: 3429 टिकटें बिकीं, ट्रेन संख्या 04080 2058 बजे रवाना हुई।
- 2100 से 2200 बजे तक: 2662 टिकटें बिकीं, ट्रेन संख्या 04082 2158 बजे रवाना हुई।
- 2200 से 2300 बजे तक: 1689 टिकटें बिकीं, ट्रेन संख्या 04084 2315 बजे रवाना हुई।
महाकुंभ 2025 के लिए प्रयाग जाने वाले तीर्थयात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए रेल सेवा में वृद्धि की गई है। भारतीय रेलवे महाकुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
Source/PIB

