प्रमुख स्टेशनों पर कुल 8,54,207 वर्गफुट क्षेत्र को होल्डिंग क्षेत्र के रूप में परिवर्तित किया गया।
महाकुंभ के अंतिम सप्ताह के दौरान यात्री यातायात में वृद्धि को संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने व्यापक तैयारी की है। उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। ये होल्डिंग एरिया प्लेटफॉर्म के बाहर स्थित हैं, जो यात्रियों के प्रवाह को नियंत्रित करने और भीड़भाड़ को रोकने में मदद करेंगे। यात्रियों को उनके ट्रेनों के निर्धारित प्रस्थान समय के अनुसार प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन में सुधार करना और यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ाना है, विशेष रूप से व्यस्त समय और त्योहारों के मौसम में।
उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन पर 1,15,572 वर्ग फीट, नैनी पर 1,14,495 वर्ग फीट, और प्रयागराज छिवकी पर 80,729 वर्ग फीट होल्डिंग एरिया बनाए हैं। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे ने प्रयाग जंक्शन पर 1,07,639 वर्ग फीट, फाफामऊ जंक्शन पर 94,453 वर्ग फीट, झूसी में 1,93,750 वर्ग फीट और प्रयागराज रामबाग में 43,055 वर्ग फीट में स्थायी/अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए हैं। कुंभ क्षेत्र में कुल 7,49,693 वर्ग फीट क्षेत्र को होल्डिंग एरिया के रूप में परिवर्तित किया गया है।
उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद में 4,200 वर्ग फीट, आनंद विहार में 3,800 वर्ग फीट, नई दिल्ली में 12,710 वर्ग फीट, अयोध्या धाम में 3,024 वर्ग मीटर, और बनारस में 1,280 वर्ग मीटर व 875 वर्ग मीटर का विशाल होल्डिंग एरिया बनाया है। कुल मिलाकर, उत्तर रेलवे ने 25,889 वर्ग फीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया है।
पूर्वोत्तर रेलवे ने बनारस में 2,200 वर्ग फीट, सिवान में 5,250 वर्ग फीट, बलिया में 8,000 वर्ग फीट, देवरिया में 3,600 वर्ग फीट, छपरा में 10,000 वर्ग फीट, और गोरखपुर में 2,500 वर्ग फीट का होल्डिंग एरिया बनाया है। कुल 34,050 वर्ग फीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर 47,075 वर्ग फीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया बनाया है। इनमें राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना जंक्शन, दानापुर, आरा, बक्सर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, बरौनी, समस्तीपुर, और अन्य प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
इस प्रकार, भारतीय रेलवे ने महाकुंभ मेला के अंतिम सप्ताह में यात्रियों के सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्था की है।
Source/NCR

