त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन दिल्ली के शकूरबस्ती से बिहार के पटना जंक्शन और झंझारपुर जंक्शन के बीच किया जाएगा। रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों ट्रेनों के प्रत्येक दिशा में आठ-आठ फेरे निर्धारित किए गए हैं।
ट्रेन संख्या 04404/04403 शकूरबस्ती–पटना जंक्शन–शकूरबस्ती अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस शकूरबस्ती से 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर 2026 को चलेगी। वहीं, पटना जंक्शन से वापसी की सेवाएं 6, 7, 8, 11, 12, 13, 14 और 15 नवंबर 2026 को निर्धारित हैं। यह ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 04410/04409 शकूरबस्ती–झंझारपुर जंक्शन–शकूरबस्ती अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस शकूरबस्ती से 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर 2026 को संचालित होगी। झंझारपुर जंक्शन से वापसी की सेवाएं 6, 7, 8, 11, 12, 13, 14 और 15 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई हैं। इस ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव जंक्शन, ऐशबाग, गोंडा जंक्शन, गोरखपुर जंक्शन, कप्तानगंज जंक्शन, बगहा, नरकटियागंज जंक्शन, सिकटा, रक्सौल जंक्शन, घोड़ासहन, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, कमतौल, शिशो, सकरी जंक्शन और झंझारपुर जंक्शन शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करना और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।
यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।
Source – NR & RSB

