आश्विन अमावस्या मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन

चित्रकूट में आयोजित होने वाले ‘आश्विन अमावस्या मेला’ के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विशेष यात्री प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ मौजूदा ट्रेनों के विस्तार की स्वीकृति प्रदान की गई है। ये विशेष प्रबंध 09 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।

इन प्रबंधों के तहत झांसी मंडल द्वारा उपलब्ध रेकों का उपयोग करते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से चित्रकूटधाम कर्वी के मध्य दो मेला विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने पर आवश्यकतानुसार ट्रेन संख्या 64613/64614 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू का विस्तार चित्रकूटधाम कर्वी तक किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे झांसी एवं आसपास के क्षेत्रों से चित्रकूट पहुंचने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।

यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा भी कानपुर सेंट्रल से चित्रकूटधाम कर्वी के मध्य आवश्यकतानुसार मेला विशेष ट्रेन के संचालन के लिए एक अतिरिक्त रेक पूरी तरह तैयार रखा जाएगा। आवश्यकता के अनुसार इस रेक का उपयोग करते हुए विशेष ट्रेन का संचालन किया जा सकेगा।

यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।

Source – NCR & RSB

Previous Next

TAGGED