रेल संपर्क को मिलेगी नई मजबूती, कासगंज–लखनऊ एक्सप्रेस को मंजूरी

पीलीभीत के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से कासगंज–लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि इस नई रेल सेवा से पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर समेत पूरे तराई क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। प्रस्तावित ट्रेन बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर लखनऊ तक पहुंचेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को राजधानी से सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को यात्रा के बेहतर विकल्प मिलेंगे। साथ ही क्षेत्र में आवागमन सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल संपर्क से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंच सकता है तथा विभिन्न जिलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। जितिन प्रसाद ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Source/RSB

Previous Next

TAGGED