रेलवे ने कालका–शिमला लोकप्रिय रेल मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विशेष आरक्षित “समर स्पेशल एक्सप्रेस” ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन सेवा 04503/04504 के रूप में कालका–शिमला–कालका के बीच चलाई जाएगी, जिससे गर्मियों के पर्यटन सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन संख्या 04503 कालका से प्रतिदिन 12:30 बजे प्रस्थान कर 18:20 बजे शिमला पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04504 शिमला से 20:20 बजे रवाना होकर अगले दिन 01:15 बजे कालका पहुंचेगी।
इन विशेष ट्रेनों का संचालन 30 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें कुल 154 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान ट्रेनें धर्मपुर हिमाचल, बरोग, सोलन और तारादेवी रेलवे स्टेशनों पर ठहरेंगी, जिससे बीच के स्टेशनों के यात्रियों को भी यात्रा की सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों में जनरल और फर्स्ट क्लास श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इस पहल का उद्देश्य लोकप्रिय कालका-शिमला रूट पर बढ़ती भीड़ को संतुलित करना और यात्रियों को सुगम एवं आरामदायक यात्रा विकल्प प्रदान करना है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मार्ग, स्टॉपेज और समय से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त करें।
Source/NR & RSB

