कटड़ा और अमृतसर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ - जानें पूरा शेड्यूल और समय।

उत्तर रेलवे ने दो प्रमुख तीर्थ स्थलों, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और अमृतसर को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 11 अगस्त 2025 से सफलतापूर्वक शुरू कर दिया है। यह अत्याधुनिक ट्रेन सेवा दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर देगी, जिससे हजारों तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को एक आरामदायक और तेज़ यात्रा का विकल्प मिलेगा।

यह ट्रेन सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। यात्रियों के लिए यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ट्रेन का परिचालन प्रत्येक मंगलवार को नहीं किया जाएगा। ट्रेन संख्या 26406 कटड़ा से अमृतसर के लिए और 26405 अमृतसर से कटड़ा के लिए चलेगी।

  • ट्रेन संख्या 26406 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से अमृतसर जंक्शन) सुबह 06:40 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से प्रस्थान करेगी। यह 08:03 बजे जम्मू तवी पहुँचेगी और 08:05 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद 09:28 बजे पठानकोट छावनी पहुँचकर 09:30 बजे चलेगी। 11:01 बजे जालंधर सिटी जंक्शन पहुँचेगी और 11:03 बजे रवाना होगी। 11:30 बजे ब्यास जंक्शन पहुँचकर 11:32 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 12:20 बजे अमृतसर जंक्शन पहुँचेगी।
  • ट्रेन संख्या 26405 (अमृतसर जंक्शन से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा) शाम 16:25 बजे अमृतसर जंक्शन से रवाना होगी। यह 16:53 बजे ब्यास जंक्शन पहुँचेगी और 16:55 बजे प्रस्थान करेगी। 17:31 बजे जालंधर सिटी जंक्शन पहुँचकर 17:33 बजे चलेगी। 19:01 बजे पठानकोट छावनी पहुँचेगी और 19:03 बजे रवाना होगी। 20:26 बजे जम्मू तवी पहुँचकर 20:28 बजे चलेगी तथा रात 22:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुँचेगी।

यह तेज़ रफ़्तार, आधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी पता करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें।

Source/RSB

Previous Next

TAGGED