महाप्रबंधक ने किया कोटा–रूठियाई रेलखंड का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने कोटा–रूठियाई रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ, परिचालन और संरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने बारां, छबड़ा गुगोर और मोतीपुरा चौकी रेलवे स्टेशनों का भी दौरा किया। बारां स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, पैदल ऊपरी पुल, स्टेशन परिसर, स्टेशन मास्टर कक्ष, टिकट बुकिंग कार्यालय, पार्किंग सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्वास्थ्य इकाई में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव और कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

छबड़ा गुगोर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और टिकट बुकिंग कार्यालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया। वहीं मोतीपुरा चौकी स्टेशन पर क्रू लॉबी और क्रू रनिंग रूम का निरीक्षण कर लोको पायलट एवं अन्य परिचालन कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और कार्य व्यवस्था की जानकारी ली।

रेलवे में नियमित निरीक्षणों का उद्देश्य परिचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ संरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करना है। इस दौरान स्वच्छता, रखरखाव, कर्मचारी सुविधाओं और संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Source- WCR & RSB

Previous Next