उत्तर पश्चिम रेलवे पर क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 73वीं बैठक का आयोजन

उत्तर पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय, जयपुर के "संकल्प" सभाकक्ष में दिनांक 10 सितंबर, 2026  को श्री पंकज शर्मा, महाप्रबंधक, उत्तर पश्चिम रेलवे की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 73वीं बैठक का आयोजन किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार इस बैठक में जून-2026 को समाप्त तिमाही की राजभाषा हिंदी प्रगति की क्षेत्रीय स्तर पर समीक्षा की गई। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न मदों में राजभाषा नीति के अनुरूप हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की शुरुआत में श्री अतुल सक्सेना,  प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी ने अपने संबोधन में उत्तर पश्चिम रेलवे पर राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की स्थिति पर प्रकाश डाला तथा तिमाही के दौरान आयोजित प्रमुख गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधान कार्यालय स्तर पर राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।

महाप्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि उत्तर पश्चिम रेलवे का अधिकांश क्षेत्र राजभाषा नियमों के अंतर्गत 'क' क्षेत्र में आता है, अतः राजभाषा हिंदी में कार्य करना हमारा संवैधानिक एवं नैतिक दायित्व है। उन्होंने मूल पत्राचार में हिंदी का प्रयोग बढाने पर बल दिया। अध्यक्ष महोदय ने संसदीय समिति से प्राप्त आश्वासनों पर त्वरित एवं सटीक  कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह बैठक राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित की जा रही है। इसमें विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं, हिंदी कार्यशालाएं आदि आयोजित करना प्रस्तावित है। सभी विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारीगण अधिकाधिक अधिकारियों/कर्मचारियों को सहभागिता हेतु प्रेरित करें।

बैठक के दौरान वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी द्वारा कार्यसूची पर मदवार चर्चा की गई तथा समिति सदस्यों से राजभाषा के प्रचार-प्रसार हेतु सुझाव आमंत्रित किए गए। सभी सदस्यों ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।

बैठक के अंत में उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने समिति के सभी सदस्यों को सहभागिता हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।

Source – NWR & RSB

Previous Next