राजधानी एक्सप्रेस को मिलेगी कड़ी टक्कर: भारतीय रेलवे का 260 वंदे भारत स्लीपर रेक के साथ सबसे बड़ा मास्टरप्लांट तैयार

भारतीय रेलवे ने देशभर में लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक आरामदायक और तीव्र बनाने के उद्देश्य से 260 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के निर्माण की एक विशाल योजना तैयार की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्लीपर रेक को विभिन्न चरणों में पटरी पर उतारा जाएगा।

रेल मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस मेगा प्रोजेक्ट को बहु-चरणीय रणनीति के तहत पूरा किया जा रहा है। शुरुआती दौर में बीईएमएल द्वारा 16 कोच वाली 10 स्लीपर ट्रेनों का उत्पादन किया जा रहा है, जबकि चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री 24 कोच वाली 50 अतिरिक्त ट्रेनों का निर्माण करेगी। इसके अलावा तकनीकी साझेदारों के साथ मिलकर 200 ट्रेनों के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें काइनेट रेलवे सॉल्यूशंस 120 रेक और तितगढ़-भेल का संयुक्त उद्यम 80 रेक का उत्पादन करेगा।

सुरक्षा और गति के मामले में इन नई स्लीपर ट्रेनों को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति के लिए तैयार किया गया है। डिब्बों में एंटी-क्लाइम्बर्स, झटका-मुक्त सेमी-परमानेंट कपलर, कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप क्रैशवर्दी कार बॉडी डिजाइन जैसी आधुनिक तकनीक शामिल की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें विमान-शैली के आधुनिक बायोटॉयलेट, स्वचालित प्लग डोर, सीसीटीवी निगरानी, पैसेंजर टॉक-बैक यूनिट, इंडोर वायु शुद्धिकरण प्रणाली और दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध होगी।

यह नई रेल शृंखला भारत में राजधानी एक्सप्रेस जैसी पारंपरिक ट्रेनों का आधुनिक विकल्प बनकर उभरेगी।

Source - RSB

Previous Next