बनारस रेल इंजन कारखाना के केंद्रीय चिकित्सालय स्थित सभागार कक्ष में दिनांक 05 सितम्बर 2026 को स्मार्ट ग्लास के प्रभावी एवं समुचित उपयोग हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने पाँच दृष्टिबाधित/दृष्टिबाधिता से प्रभावित कर्मचारियों को स्मार्ट ग्लास का वितरण किया था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्मार्ट ग्लास निर्माता कंपनी Torchit के विशेषज्ञ श्री विक्की आर. मोदी एवं श्री अनीश प्रजापति द्वारा बरेका के पाँचों दृष्टिबाधित कर्मचारियों को स्मार्ट ग्लास के विभिन्न पहलुओं, विशेषताओं, कार्यप्रणाली एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान स्मार्ट ग्लास के संचालन की प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया तथा इसके प्रत्येक प्रमुख फीचर का प्रायोगिक प्रदर्शन (Practical Demonstration) भी किया गया, ताकि कर्मचारी इन उपकरणों का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने दैनिक कार्यों को सुगम एवं आत्मनिर्भर तरीके से संपादित कर सकें।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी(मुख्यालय), श्री राम प्रवेश यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य दृष्टिबाधित कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी सुविधा से सशक्त बनाते हुए उनकी कार्यक्षमता, आत्मनिर्भरता एवं दैनिक जीवन में सुगमता को बढ़ावा देना रहा।
Source - RSB

