-दि.24.08.2026 से दि.26.08.2026 तक तीन दिवसीय टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 13,964 लोग पकड़े गए.
त्योहारों एवं अवकाश की अवधि को ध्यान में रखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे के वाणिज्य विभाग द्वारा अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने तथा अधिकृत यात्रियों की सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 24.08.2026 से 26.08.2026 तक पूरे जोन में गहन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
दक्षिण मध्य रेलवे जोन के संपूर्ण क्षेत्राधिकार को कवर करते हुए गहन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान ट्रेनों की गहन जांच की गई तथा बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों और बिना बुक किए सामान ले जाने वाले यात्रियों के विरुद्ध जुर्माना लगाने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, रेलवे परिसरों में धूम्रपान करने वाले यात्रियों, रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों तथा अनधिकृत फेरीवालों के विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अभियान के तहत बिना टिकट/अनियमित रूप से यात्रा करने वाले 13,964 यात्रियों तथा बिना बुक किए सामान ले जाने वाले 1,189 यात्रियों को पकड़ा गया। टिकट जांच के माध्यम से कुल ₹1.28 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया।इसके अतिरिक्त, रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले 37 यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹6,400 का जुर्माना वसूला गया। इसी प्रकार, 5 अनधिकृत फेरीवालों को पकड़ा गया और उनसे ₹10,000 का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही रेलवे परिसर में धूम्रपान करने वाले 7 यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹14,000 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों ने यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने के महत्व के बारे में समझाया तथा विभिन्न प्रकार के उल्लंघनों के लिए निर्धारित दंड के संबंध में भी जागरूक किया। यात्रियों को ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में धूम्रपान से होने वाले आग के खतरों के प्रति भी सचेत किया गया। इसके अतिरिक्त, यात्रियों से रेलवे परिसरों में गंदगी न फैलाने तथा अच्छे नागरिक व्यवहार का पालन करते हुए रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। दक्षिण मध्य रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि वे उचित एवं वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, टिकट जांच कर्मचारियों के साथ सहयोग करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा स्वच्छता बनाए रखें। सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक रेल यात्रा सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री संजय कुमार श्रीवास्तव ने गहन टिकट जांच अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने तथा यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के लिए निर्धारित दंड के प्रति जागरूक करने हेतु वाणिज्य विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेलवे में टिकट जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि इससे बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने, अधिकृत यात्रियों की आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहायता मिलती है।
Source – SCR & RSB

