भारतीय रेलवे ने रेल विद्युतीकरण के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के 99.6 प्रतिशत ब्रॉड गेज रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ भारत स्विट्जरलैंड के बाद दुनिया का दूसरा सबसे अधिक विद्युतीकृत रेल नेटवर्क वाला देश बन गया है। रेल मंत्रालय के अनुसार, व्यापक विद्युतीकरण अभियान से रेलवे की डीज़ल पर निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आई है। डीज़ल की खपत घटकर लगभग 108 करोड़ लीटर रह गई है, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि रेल परिवहन, सड़क परिवहन की तुलना में लगभग 89 प्रतिशत कम कार्बन उत्सर्जन करता है। इसके अलावा रेलवे ने 1,260 मेगावाट से अधिक सौर और पवन ऊर्जा क्षमता भी स्थापित की है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिला है।
मंत्रालय का कहना है कि विद्युतीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से भारतीय रेलवे कम-कार्बन परिवहन प्रणाली विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
Source - RSB

