भारतीय रेलवे ने 3,215 स्टेशनों और 13,409 यात्री डिब्बों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से देशभर में रेलवे स्टेशनों और यात्री डिब्बों में चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का विस्तार किया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में जानकारी दी कि अब तक 3,215 रेलवे स्टेशनों और 13,409 यात्री डिब्बों में सीसीटीवी प्रणाली स्थापित की जा चुकी है। इसके अलावा, वर्तमान में परिचालनरत सभी वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन रेक पहले ही सीसीटीवी कैमरों से लैस किए जा चुके हैं।

रेल मंत्री के अनुसार, रेलवे स्टेशनों, यात्री डिब्बों और अन्य रेलवे परिसरों में निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी प्रणाली का विस्तार लगातार जारी है। स्टेशन परिसरों में लगाए गए कैमरों को एआई-आधारित वीडियो विश्लेषण सुविधाओं से जोड़ा गया है। इन प्रणालियों के माध्यम से अनधिकृत प्रवेश, किसी व्यक्ति के लंबे समय तक संदिग्ध रूप से एक स्थान पर ठहरने और प्लेटफॉर्म या परिसर में किसी व्यक्ति के गिरने जैसी घटनाओं का स्वतः पता लगाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 तथा जून 2026 तक इन एआई-सक्षम सीसीटीवी प्रणालियों की मदद से 9,840 सुरक्षा संबंधी घटनाओं का पता लगाया गया।

जोनवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तरी रेलवे में सबसे अधिक 425 रेलवे स्टेशन सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जुड़े हैं। इसके बाद पश्चिमी रेलवे में 391 स्टेशन और पूर्वी रेलवे में 271 स्टेशन सीसीटीवी कवरेज के दायरे में हैं। वहीं, यात्री डिब्बों में सीसीटीवी स्थापना के मामले में पश्चिमी रेलवे 1,735 कोचों के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद उत्तरी रेलवे में 1,483 कोच और दक्षिणी रेलवे में 1,481 कोच सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित हैं।

रेल मंत्री द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, मध्य रेलवे में 240 स्टेशन और 1,384 कोच, पूर्व मध्य रेलवे में 237 स्टेशन और 617 कोच, पूर्व तटीय रेलवे में 80 स्टेशन और 601 कोच, उत्तर मध्य रेलवे में 141 स्टेशन और 339 कोच, उत्तर पूर्वी रेलवे में 93 स्टेशन और 758 कोच, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में 94 स्टेशन और 410 कोच, उत्तर पश्चिमी रेलवे में 35 स्टेशन और 261 कोच, दक्षिण मध्य रेलवे में 30 स्टेशन और 947 कोच, दक्षिण तटीय रेलवे में 202 स्टेशन और 415 कोच, दक्षिण पूर्वी रेलवे में 197 स्टेशन और 665 कोच, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 145 स्टेशन और 303 कोच, दक्षिण पश्चिमी रेलवे में 195 स्टेशन और 452 कोच, पश्चिम मध्य रेलवे में 170 स्टेशन और 270 कोच सीसीटीवी प्रणाली से लैस किए जा चुके हैं। इसके अलावा, मेट्रो रेलवे, कोलकाता के 57 स्टेशन तथा कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 72 स्टेशन भी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के दायरे में हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि सीसीटीवी प्रणाली की स्थापना एक सतत प्रक्रिया है और यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय रेलवे पूरे नेटवर्क में निगरानी व्यवस्था का विस्तार जारी रखे हुए है।

यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 24 जुलाई को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

Source - RSB

Previous Next