पवित्र श्रावण मास के दौरान धर्म नगरी काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की है। वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) परिसर में संचालित सभी फूड स्टॉलों, कैंटीन और खानपान सेवाओं पर पूरे सावन माह के दौरान मांसाहारी (नॉनवेज) भोजन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्टेशन प्रशासन के अनुसार, पूरे सावन माह में परिसर में केवल शुद्ध शाकाहारी और सात्विक व्यंजन ही परोसे जाएंगे।
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, सावन माह में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। परिसर के सभी खानपान विक्रेताओं को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेशन पर उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता की निगरानी के लिए नियमित जांच और निरीक्षण की व्यवस्था की गई है।
सावन के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सहायता प्रणाली को भी मजबूत किया गया है। स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क और यात्री सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है, जबकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीमों को मुस्तैद रखा गया है।
Source - RSB

