विरासत की गरिमा, आधुनिक सुविधाओं का संगम — अमृत भारत स्टेशन योजना से नए स्वरूप में सजा भिण्ड रेलवे स्टेशन

झांसी मंडल का भिण्ड रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक रूप से विकसित होकर आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में तैयार हो चुका है। लगभग 11.79 करोड़ रुपये की लागत से किए गए इस पुनर्विकास कार्य में भौतिक एवं वित्तीय प्रगति शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है।

भिण्ड रेलवे स्टेशन उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले को देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से रेल संपर्क प्रदान करता है। चंबल अंचल के इस क्षेत्र के लिए यह स्टेशन न केवल दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के आवागमन का प्रमुख भी माध्यम है, बल्कि कृषि उपज, स्थानीय व्यापार, धार्मिक एवं सामाजिक यात्राओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्षेत्र की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं को देखते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भिण्ड रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक अधोसंरचना तथा बेहतर यात्री अनुभव के साथ एक नए स्वरूप में विकसित होकर तैयार हो चुका है।

स्टेशन भवन का स्वरूप आधुनिक वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया गया है। लगभग 450 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन के अग्रभाग का सैंडस्टोन क्लैडिंग एवं जीआरसी एलिमेंट्स के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे स्टेशन को आकर्षक एवं भव्य पहचान मिली है। स्टेशन परिसर में लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं उद्यान विकास का कार्य पूर्ण किया गया है। सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, चौड़े मार्ग, पार्किंग की पर्याप्त सुविधा तथा हरित वातावरण यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बना रहे हैं।

यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही के लिए स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज तैयार किया गया है। इस आधुनिक फुट ओवर ब्रिज में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 300 मीटर लंबाई का नया प्लेटफॉर्म शेल्टर तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को धूप एवं वर्षा से पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है। प्लेटफॉर्म सतह का उन्नयन ग्रेनाइट, कोटा स्टोन, चेकर टाइल्स एवं टैक्टाइल टाइल्स के माध्यम से किया गया है।

स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय, वीआईपी हॉल एवं प्रतीक्षालयों का नवीनीकरण किया गया है। आधुनिक एवं स्वच्छ शौचालयों का निर्माण, पेयजल व्यवस्था, टिकट काउंटरों का उन्नयन तथा स्टेशन परिसर में आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है। स्टेशन भवन एवं परिसर में आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, फेसाड लाइटिंग तथा सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई हैं, जिससे रात्रिकालीन समय में स्टेशन का स्वरूप अत्यंत आकर्षक दिखाई देता है।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, मल्टी लाइन डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, दिशा सूचक संकेतक, पेयजल संकेतक, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, पर्याप्त प्लेटफॉर्म पंखे, वाटर कूलर, वाटर वेंडिंग मशीन, डस्टबिन, सीसीटीवी कैमरे, व्हील चेयर, पर्यटक सुविधा काउंटर, ओएसओपी स्टॉल तथा अग्निशमन उपकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेशन पर दिव्यांग पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, लो-हाइट टिकट काउंटर, हेल्प बूथ, मानक रैंप, टैक्टाइल गाइड पाथ, व्हील चेयर, सुगम मार्ग, नॉन-स्लिप फ्लोरिंग, उपयुक्त साइनेज तथा फुट ओवर ब्रिज तक रैंप एवं लिफ्ट की व्यवस्था उपलब्ध है। इससे दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों के लिए स्टेशन पूरी तरह अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बन गया है।

स्टेशन परिसर में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, विकसित उद्यान, हरित क्षेत्र एवं लैंडस्केपिंग कार्य स्टेशन की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के कारण रात्रि के समय स्टेशन भवन का दृश्य अत्यंत आकर्षक दिखाई देता है। स्टेशन परिसर का समुचित सौंदर्यीकरण स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करता है।

स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्लेटफॉर्म एंड पाथवे, प्लेटफॉर्म एज मार्किंग, आपातकालीन निकास संकेतक, प्राथमिक उपचार सुविधा, डबल हैंडरेल युक्त रैंप, जल निकासी व्यवस्था, स्टेशन ओरिएंटेशन मैप तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्टेशन परिसर में खुले जंक्शन बॉक्स अथवा खुले विद्युत केबल नहीं हैं तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। जनप्रतिनिधियों एवं यात्रियों से प्राप्त सुझावों का समय-समय पर निराकरण भी किया जा रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन आधुनिक अवसंरचना, बेहतर यात्री सुविधाओं, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाओं, स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण तथा सुरक्षित यात्रा अनुभव का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। यह स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। स्टेशन का आधुनिक स्वरूप स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। बेहतर रेल अवसंरचना के कारण व्यापारियों, किसानों एवं उद्यमियों के लिए आवागमन और संपर्क अधिक सुगम होगा, जिससे क्षेत्र में निवेश और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, भिण्ड आने वाले पर्यटकों एवं आगंतुकों पर शहर की सकारात्मक और आधुनिक छवि स्थापित होगी, जिससे स्थानीय रोजगार एवं सेवा क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।

Source/NCR

Previous Next