उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में आने वाले धामपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करने के बाद अब इसके लोकार्पण की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लोकार्पण कार्यक्रम की आधिकारिक तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
पुनर्विकास के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार किया गया है। स्टेशन भवन की री-डिजाइनिंग के साथ-साथ यात्रियों के लिए नए वेटिंग रूम (प्रतीक्षालय), आधुनिक शौचालयों का निर्माण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, स्टेशन परिसर में सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को बढ़ाया गया है। यात्रियों की सहूलियत के लिए नए सूचना बोर्ड (साइनेज), डिजिटल डिस्प्ले और दिव्यांगजनों के अनुकूल विशेष रैंप व अन्य सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। स्टेशन परिसर को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए पौधारोपण और लैंडस्केपिंग का काम भी पूरा हो चुका है।
Source – RSB

