अगर आप रेलवे कर्मचारी हैं और ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' और 'व्यूज' बटोरने के लिए वीडियो या रील्स बनाते हैं, तो यह शौक आपकी नौकरी पर भारी पड़ सकता है। चलती ट्रेन के इंजन (लोकोमोटिव), रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील कंट्रोल रूम से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ रेलवे बोर्ड ने अब बेहद सख्त रुख अपना लिया है। बोर्ड ने देश के सभी रेलवे जोन और मंडलों को कड़ा फरमान जारी करते हुए ऐसे कर्मचारियों पर तुरंत शिकंजा कसने और उन्हें सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे के सतर्कता विभाग (Vigilance) की एक सीक्रेट रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कई कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय मोबाइल से कंटेंट बनाने में व्यस्त रहते हैं। इतना ही नहीं, कुछ कर्मचारी तो इन वीडियो के जरिए सोशल मीडिया से तगड़ी कमाई (मोनेटाइजेशन) भी कर रहे थे, जो सरकारी सेवा नियमों का खुला उल्लंघन है। रेलवे बोर्ड ने साफ चेतावनी दी है कि ट्रेन संचालन और सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील कामों के बीच मोबाइल का ऐसा इस्तेमाल ध्यान भटकाता है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। अब ऐसे मामलों में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
Source – RSB

