15 जुलाई से बदल जाएंगे मोबाइल जनरल टिकट के नियम, RailOne ऐप से बुकिंग पर Photo ID अनिवार्य, स्क्रीनशॉट टिकट नहीं होगी मान्य

भारतीय रेलवे ने मोबाइल के जरिए जनरल टिकट बुक करने की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। 15 जुलाई से RailOne ऐप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। रेलवे का कहना है कि यह कदम ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने और टिकटों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

नई व्यवस्था के तहत यदि कोई यात्री RailOne ऐप से जनरल टिकट बुक करता है, तो उसे बुकिंग के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र में से किसी एक का विवरण दर्ज करना होगा। यात्रा के समय वही मूल पहचान पत्र साथ रखना भी आवश्यक होगा, क्योंकि टिकट जांच के दौरान टीटीई उसकी मांग कर सकता है।

रेलवे ने डिजिटल टिकट की वैधता को लेकर भी नियम स्पष्ट कर दिए हैं। अब केवल टिकट का स्क्रीनशॉट या व्हाट्सएप पर भेजी गई फोटो मान्य नहीं होगी। टिकट उसी मोबाइल फोन में RailOne ऐप के भीतर उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे उसे बुक किया गया है। जांच के समय यात्रियों को ऐप में मौजूद मूल डिजिटल टिकट ही दिखानी होगी। यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।

हालांकि, यह बदलाव सभी यात्रियों पर लागू नहीं होगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन के टिकट काउंटर से खरीदे जाने वाले जनरल टिकट की प्रक्रिया पहले जैसी ही रहेगी। काउंटर से नकद भुगतान कर टिकट लेने वाले यात्रियों को टिकट जारी कराने के लिए किसी फोटो पहचान पत्र का विवरण देने की आवश्यकता नहीं होगी।

Source - RSB

Previous Next