धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए लालकुआं एक्सप्रेस के जनरल कोच से भारी मात्रा में विदेशी बीयर बरामद की है। छह लावारिस बैगों से कुल 116.5 लीटर बीयर जब्त की गई, जिसकी कीमत 27 हजार 410 रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची वाहन संख्या 12353 लालकुआं एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो ट्रॉली बैग और चार पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 89 कैन "Kingfisher Strong Premium Beer" और 144 कैन "Haywards 5000 Premium Strong Beer" बरामद हुई। सभी बोतलों पर "FOR SALE IN WEST BENGAL ONLY" अंकित था। बरामद बीयर की कुल मात्रा 116.5 लीटर और अनुमानित कीमत 27 हजार 410 रुपए है। आरपीएफ ने मौके पर जब्ती की कार्रवाई पूरी कर शराब को पोस्ट धनबाद लाया और उप निरीक्षक पालिका मिंज की लिखित शिकायत पर पूरे मामले को उत्पाद विभाग धनबाद को सौंप दिया। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और शराब किसकी थी, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Source- RSB

