पश्चिम मध्य रेलवे में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने जबलपुर-पुणे वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जबलपुर से इटारसी के बीच औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विशेष टिकट जांच अभियान में 47 बेटिकट और अनियमित यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर 44,360 रुपये का जुर्माना वसूला गया। डीआरएम ने वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा और आरपीएफ अधिकारियों के साथ ट्रेन के विभिन्न कोचों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोचों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, पंखे-लाइट, फायर सेफ्टी उपकरण, बेडरोल की गुणवत्ता और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। डीआरएम के औचक निरीक्षण के साथ ही पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी हो रहा है। जून 2026 में जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों सहित मुख्यालय स्क्वाड ने 1 लाख 75 हजार 900 बिना टिकट, अनियमित टिकट और अनबुक्ड लगेज के मामलों में कार्रवाई कर 15 करोड़ 3 लाख रुपये अतिरिक्त किराया और जुर्माना वसूला। सबसे अधिक कार्रवाई जबलपुर मंडल में हुई, जहां 84,900 मामलों से 7 करोड़ 71 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं भोपाल मंडल में 56 हजार मामलों से 4 करोड़ 22 लाख रुपये, कोटा मंडल में 31,600 मामलों से 2 करोड़ 86 लाख रुपये तथा मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड ने 3,400 मामलों से 24 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथके रेल राजस्व की सुरक्षा के लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकट जांच एवं विशेष निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Source/RSB

