झांसी। विगत कई वर्षों से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रहे बेतवा नर्सरी स्कूल के अभिभावक-शिक्षक (Parent-Teacher Meeting) का आयोजन महिला समाज सेवा समिति की अध्यक्षा श्रीमती जया शर्मा के निर्देशन में किया गया।
बैठक के दौरान अभिभावकों को मंडल रेल चिकित्सालय के समक्ष निर्मित हो रहे विद्यालय के नवीन भवन एवं उसमें उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से पी.पी.टी. प्रस्तुति तथा लघु वीडियो के जरिए दी गई। इस अवसर पर बताया गया कि बेतवा नर्सरी स्कूल का संचालन शीघ्र ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नव-निर्मित भवन में प्रारंभ किया जाएगा।
विद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र से प्ले सेंटर से कक्षा पाँच तक की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विशेष एक्टिविटी रूम विकसित किया गया है, जिसमें प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक खिलौने, स्लाइड तथा ट्राइसाइकिल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा पूरे भवन को वाई-फाई नेटवर्क से जोड़ा गया है। आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत कम्प्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय तथा विज्ञान, सामान्य ज्ञान एवं बाल साहित्य से संबंधित पुस्तकों की व्यवस्था की जा रही है। विद्यालय परिसर में आकर्षक उद्यान के साथ बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए मल्टी प्ले स्टेशन भी विकसित किया जा रहा है।
विद्यालय में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल हेतु आर.ओ. एवं वॉटर कूलर की व्यवस्था की गई है। साथ ही छात्रों, छात्राओं एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पृथक-पृथक आधुनिक शौचालयों का निर्माण भी किया गया है।
इस अवसर पर महिला समाज सेवा समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती ममता मिश्रा, सचिव श्रीमती स्वाती चौरसिया, सह-सचिव श्रीमती मनुश्री सैनी, कोषाध्यक्ष श्रीमती चेतना शर्मा, श्रीमती कीर्ति सोनी, स्कूल इंचार्ज श्रीमती अंकिता भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रस्तावित सुविधाओं पर पी.पी.टी. प्रस्तुति श्रीमती आरती अग्रवाल एवं श्रीमती श्रुति बिंदल द्वारा दी गई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबीता दत्ता ने किया तथा अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं अभिभावकों के प्रति श्रीमती आरती पाठक ने आभार व्यक्त किया।
Source - NCR

