भारतीय रेलवे परिवहन एवं प्रबंधन संस्थान (इरीटिम), लखनऊ के महानिदेशक प्रकाश रंजन ठाकुर ने दिनांक 08.07.2026 को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ इरीटिम के प्रोफेसर (फाइनेंस) अष्ठानन्द पाठक भी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान महानिदेशक ने आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कोच उत्पादन, विनिर्माण प्रक्रियाओं तथा उत्पादन क्षमता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भारतीय रेलवे यातायात सेवा के 1990 बैच के अधिकारी प्रकाश रंजन ठाकुर को रेलवे संचालन, परिवहन प्रबंधन, सुरक्षा, प्रशासन तथा विभिन्न मंत्रालयों में तीन दशकों से अधिक का समृद्ध प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अनुभव प्राप्त है।
उन्होंने ने आरेडिका के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी संबोधित किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर सफलता के मूल मंत्रों पर प्रकाश डालते हुए अपने तीन दशकों से अधिक के प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अनुभव साझा किए। उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक दृष्टिकोण, प्रभावी नेतृत्व, टीम भावना, समयबद्ध निर्णय, सतत सीखने की प्रवृत्ति तथा नवाचार को अपनाते हुए उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।
अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप तथा फर्निशिंग शॉप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अत्याधुनिक मशीनों की कार्यदक्षता का अवलोकन किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों से मशीनों की कार्यप्रणाली एवं उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आरेडिका में निर्मित वंदे भारत ट्रेन के रेक का भी अवलोकन किया।
इसके उपरांत उन्होंने आरेडिका की खेल सुविधाओं तथा हरित एवं सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनी का भ्रमण किया। फैक्ट्री परिसर एवं कॉलोनी की स्वच्छता, हरियाली तथा आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आरेडिका भारतीय रेल की एक अत्यंत सुंदर, आधुनिक एवं उत्कृष्ट कोच निर्माण इकाई है।
Source/MCF & RSB

