चलती वंदे भारत ट्रेनों में यात्रियों के लिए 'माइक्रो योगा' सत्र आयोजित, अहमदाबाद रेलवे डिवीजन की अनूठी पहल

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेलवे डिवीजन ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पहली बार चलती हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों के लिए 'माइक्रो योगा' सत्र आयोजित कर एक अनूठी पहल की। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान योग से जोड़ना और रेल यात्रा के अनुभव को अधिक स्वस्थ, सुखद एवं स्फूर्तिदायक बनाना था।

योग संबंधी निर्देश ट्रेन के ऑडियो सिस्टम के माध्यम से प्रसारित किए गए, जबकि डिब्बों में मौजूद योग स्वयंसेवकों ने यात्रियों को अपनी सीटों पर बैठे-बैठे योगाभ्यास करने में सहायता की। 10 से 20 मिनट तक चले इस सत्र में यात्रियों ने गर्दन, कंधे, कलाई और बांह के हल्के व्यायाम किए तथा 'ओम' का उच्चारण और ध्यान भी किया।

इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को मोबाइल फोन की स्क्रीन से कुछ समय के लिए दूर रखना, यात्रा के दौरान मानसिक रूप से तरोताजा महसूस कराना और मांसपेशियों के खिंचाव को कम करने में मदद करना था। यह पहल चलती ट्रेनों को योग के प्रसार का एक प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Source-WR & RSB

Previous Next