पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने महाशिवरात्रि के अवसर पर 26 फरवरी, 2025 को महाकुम्भ-2025 के अन्तिम अमृत स्नान हेतु प्रयागराज क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रबंध किए हैं। रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर पैसेंजर होल्डिंग एरिया का निर्माण किया है। इसके तहत, झूसी एवं प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर 1,93,750 और 43,056 वर्गफीट के स्थाई होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, बनारस, सीवान, बलिया, गोरखपुर, देवरिया सदर और छपरा जं. स्टेशनों पर अस्थाई होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए कम्प्यूटर आधारित उद्घोषणा प्रणाली भी स्थापित की गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज रामबाग और झूसी स्टेशनों पर लगभग 80 यू.टी.एस. काउंटर और 20 ए.टी.वी.एम. संचालित किए जा रहे हैं। बुकिंग काउंटरों पर अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोबाइल यू.टी.एस. भी कार्यरत हैं, जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में सुविधा हो रही है।
सुरक्षा के लिहाज से, झूसी और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर आर.पी.एफ. के जवानों और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। ड्रोन और सी.सी.टी.वी. कैमरों के माध्यम से 24 घंटे सर्विलांस किया जा रहा है।
महाकुम्भ-2025 के दौरान, यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए, स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज और अस्थाई टेंटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में 24 घंटे काम किया जा रहा है।
Source/NER

