पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय की अध्यक्षता में मंगलवार, 19 नवंबर को संरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर महाप्रबंधक श्री आर.एस. सक्सेना, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री प्रभात कुमार सहित मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल रेल प्रबंधक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में संरक्षा, समयपालनता, स्टेशन पुनर्विकास, अधोसंरचना निर्माण, और ट्रेनों के सेफ्टी अनुक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। रेलकर्मियों को संरक्षा से जुड़े उपकरणों और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के क्रियान्वयन और संरक्षा सुधारों को योजनाबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया।
महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षित और सुरक्षित रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। तिहरीकरण परियोजनाओं और स्टेशन पुनर्विकास के कार्यों में तेजी लाने और समयसीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शीतकाल में कोहरे के दौरान ट्रेन संचालन और समयपालनता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। ट्रेनों की गति, संरक्षा नियमों के पालन और अधोसंरचना निर्माण की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग के लिए सख्त कदम उठाने पर बल दिया गया। तीनों मंडलों को योजनाओं को तेज गति से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
Source/WCR

