प्रयागराज मंडल में यात्री सुविधाओं को निरंतर उन्नत किया जा रहा है। आगामी महाकुंभ-2025 की तैयारियों के दृष्टिगत प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों को सुखद यात्रा उपलब्ध कराने और आसान टिकट वितरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रयागराज मंडल में महाकुंभ मेला-2025 को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज (संगम क्षेत्र सहित), सुबेदारगंज, नैनी एवं प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर अतिरिक्त 64 एटीवीएम लगाए जा रहे हैं। इन एटीवीएम को दिनांक 11.01.2025 से 28.02.2025 तक संचालित किया जाएगा। इन सभी एटीवीएम पर 8-8 घंटे की पाली के अनुसार कुल 192 फैसिलिटेटर नियुक्त किए जाएंगे। इनमें से 21 एटीवीएम फैसिलिटेटर की नियुक्ति की जा चुकी है एवं शेष 161 एटीवीएम फैसिलिटेटर की नियुक्ति के लिए रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं सामान्य नागरिकों से आवेदन मांगे गए हैं।
आवेदन फार्म किसी भी कार्य दिवस में (सोमवार से शुक्रवार तक) 09:00 बजे से 17:00 बजे तक मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ स्टेशन के बुकिंग कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन फार्म का मूल्य ₹100/- है। आवेदन फार्म को उत्तर मध्य रेलवे की वेबसाइट www.ncr.indianrailways.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदक को आवेदन के साथ किसी अनुसूचित वाणिज्य बैंक द्वारा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे/प्रयागराज के पक्ष में ₹100/- का बैंक ड्राफ्ट/डीडी संलग्न करना होगा।
आवेदन फार्म सहायक वाणिज्य प्रबंधक, वाणिज्य शाखा, द्वितीय तल, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, नवाब युसुफ रोड, प्रयागराज के कार्यालय में दिनांक 20.11.2024 को 13:00 बजे तक जमा किए जाएंगे और उसी दिन 15:00 बजे खोले जाएंगे।
Source/RSB

