27 जून से नियमित रूप से चलेगी पुणे–दानापुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस, भोपाल मंडल को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क

यात्रियों को बेहतर, किफायती और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन 27 जून से पुणे–दानापुर–पुणे अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू करने जा रहा है। नई सेवा पुणे एवं दानापुर के बीच मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। यह ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर भी ठहरेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।

ट्रेन संख्या 11431 पुणे–दानापुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को पुणे से रवाना होकर निर्धारित समय पर इटारसी और नरसिंहपुर होते हुए दानापुर पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 11432 दानापुर–पुणे अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को दानापुर से प्रस्थान कर इटारसी सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए पुणे पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, यह नई सेवा 27 जून 2026 से पुणे और 29 जून 2026 से दानापुर से नियमित रूप से संचालित होगी

इस ट्रेन के संचालन से भोपाल मंडल के इटारसी क्षेत्र के यात्रियों को पुणे, भुसावल, जबलपुर, कटनी, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और दानापुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प, बेहतर कनेक्टिविटी और लंबी दूरी के सफर में समय की बचत का लाभ मिलने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा एवं आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलमदद ऐप या निकटतम रेलवे स्टेशन से प्राप्त करने की अपील की है।

यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।

Source-RSB

Previous Next

TAGGED