पूर्व रेलवे ने तिरुपति और रक्सौल के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की है। 17433/17434 तिरुपति–रक्सौल–तिरुपति साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 01 जून 2026 से तिरुपति से और 04 जून 2026 से रक्सौल से शुरू होगा।
17433 तिरुपति–रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से रवाना होगी, जबकि 17434 रक्सौल–तिरुपति एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रक्सौल से चलेगी। जारी समय सारणी के अनुसार ट्रेन प्रमुख स्टेशनों जैसे रायपुर जंक्शन, बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन और रक्सौल जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार ट्रेन दोनों दिशाओं में रेणिगुंटा जंक्शन, कडपा, गुंटकल जंक्शन, रायचूर, सिकंदराबाद जंक्शन, काजीपेट जंक्शन, नागपुर, दुर्ग, बिलासपुर जंक्शन, राउरकेला, रांची, धनबाद जंक्शन, बरौनी जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, दरभंगा जंक्शन और सीतामढ़ी जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी।
ट्रेन के गठन में एसी-2 टियर के 3 कोच, एसी-3 टियर के 5 कोच, शयनयान श्रेणी के 10 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच और 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।
यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।
Source-ER

