‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत कोलकाता स्टेशन से सोमनाथ तीर्थयात्रा के लिए विशेष ट्रेन को रवाना किया गया। प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. शंकर घोष समेत अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे। यह यात्रा विकसित भारत @2047 के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पहलों से प्रेरित बताई गई। विशेष ट्रेन 14 सितंबर को सोमनाथ पहुंचेगी। वहां श्रद्धालु 15 और 16 सितंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेंगे। इसके बाद 17 सितंबर को ट्रेन सोमनाथ से कोलकाता के लिए वापसी यात्रा शुरू करेगी।
विशेष रेल सेवा के माध्यम से तीर्थयात्रा का अवसर मिलने पर यात्रियों ने खुशी व्यक्त की। रेलवे के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के जरिए भारत की आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यतागत विरासत को सम्मान देने का संदेश दिया जा रहा है।
Source- ER & RSB

