रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने दिल्ली मंडल के नियंत्रण कार्यालय का दौरा किया और सुरक्षा, रेल संचालन, समय की पाबंदी और जन शिकायतों सहित रेल संचालन के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरे के दौरान उन्होंने नियंत्रण कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की। दिल्ली के डीआरएम श्री पुष्पेश आर. त्रिपाठी और उनकी टीम के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
इस दौरे के समय, उन्होंने सेक्शन कंट्रोलर और कंट्रोल ऑफिस के विभिन्न विभागों के कामकाज का अवलोकन किया, जिनमें इंजीनियरिंग, कोचिंग, माल, वाणिज्यिक, सिग्नल और दूरसंचार, ट्रैक्शन और सुरक्षा नियंत्रण शामिल हैं। दिल्ली मंडल (डिविजन) के अत्याधुनिक सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन (एससीएडीए) सेंटर और वॉर रूम का भी दौरा किया।
दिल्ली डिवीजन भारतीय रेलवे नेटवर्क के सबसे जटिल प्रशासनिक डिवीजनों में से एक है। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अपनी बातचीत के दौरान,उन्होंने रेलवे संचालन की जटिलताओं को समझा और आगे सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए जमीनी स्तर के कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। चर्चाओं में प्रौद्योगिकी को अधिक अपनाने के अवसरों, कर्मचारियों की कार्य स्थितियों में सुधार और रेल संचालन और इन्फ्रास्ट्रक्चर के भविष्य के विकास पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने रेल संचालन, सुरक्षा पर्यवेक्षण और रखरखाव निगरानी सहित रेलवे के विभिन्न पहलुओं में प्रौद्योगिकी को तेजी से अपनाने पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में भारतीय रेल में इन सभी क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी को अपनाने की गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रेलवे कर्मचारियों के अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे कर्मचारी सेना के समान प्रतिबद्धता के साथ चौबीसों घंटे काम करते हैं।
Source- RSB

