पश्चिम रेलवे की शूटर सोनम उत्तम मस्कर ने चीन में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप की 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत के लिए जीता कांस्य पदक

पश्चिम रेलवे की शूटर सुश्री सोनम उत्तम मस्कर ने चीन के हांगझोऊ में आयोजित हो रहे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) विश्व कप की 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देश और पश्चिम रेलवे को गौरवान्वित किया है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे के चर्चगेट स्थित मुख्यालय कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत सुश्री मस्कर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। इस स्पर्धा में उन्होंने विश्व की कुछ सर्वश्रेष्ठ निशानेबाजों के बीच पांचवां स्थान हासिल किया।

सुश्री मस्कर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें एशियाई खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी चुना गया है।

उनकी यह उपलब्धि उनके असाधारण समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ, उनके प्रशिक्षकों श्री विश्वजीत शिंदे एवं सुश्री राखी सामंत तथा पूरे पश्चिम रेलवे परिवार ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता की कामना की है।

Source – WR & RSB

Previous Next