भारतीय रेलवे में सुरक्षा को बड़ा बूस्ट, 3,215 स्टेशनों और 13,409 कोच में लगे CCTV कैमरे

यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने देशभर में 3,215 रेलवे स्टेशनों और 13,409 यात्री डिब्बों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की है। रेलवे नेटवर्क पर चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में परिचालनरत सभी वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन रेक पहले ही सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किए जा चुके हैं।

स्टेशनों पर सीसीटीवी कवरेज के मामले में उत्तरी रेलवे 425 स्टेशनों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि पश्चिमी रेलवे 391 स्टेशनों के साथ दूसरे और पूर्वी रेलवे 271 स्टेशनों के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, सीसीटीवी से लैस यात्री डिब्बों में पश्चिमी रेलवे 1,735 कोच के साथ शीर्ष पर है, इसके बाद उत्तरी रेलवे 1,483 कोच और दक्षिणी रेलवे 1,481 कोच के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

रेलवे के अनुसार, स्टेशनों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे एआई-आधारित वीडियो विश्लेषण सुविधाओं से लैस हैं। इनमें अनधिकृत प्रवेश की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और गिरे हुए व्यक्ति का पता लगाने जैसी विशेषताएं शामिल हैं। इन प्रणालियों की मदद से वर्ष 2023 से 2025 तथा जून 2026 तक कुल 9,840 सुरक्षा संबंधी घटनाओं का पता लगाया गया है।

यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

Source - PIB & RSB

Previous Next