बरेका में हिंदी निबंध, वाक् तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा बरेका  महाप्रबंधक , श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में दिनांक 24 जुलाई 2026 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में हिंदी निबंध, वाक् तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार कक्ष में प्रथम पाली के दौरान "जल संरक्षण- आवश्यकता एवं उपाय" तथा "वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य में भारतीय भाषाओं का महत्व" विषय पर  हिंदी निबंध तथा हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों  ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी राजभाषा दक्षता एवं लेखन कौशल का परिचय दिया।

द्वितीय पाली में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में  "कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयाम" तथा "स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन" विषय पर हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति, स्पष्ट उच्चारण तथा विषय की सारगर्भित प्रस्तुति से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्राचार्य, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र श्री सुभाष चन्द्र यादव, उप मुख्य विपणन प्रबंधक/विक्रय, श्री अनूप मिश्रा तथा वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री यथार्थ पाण्डेय निर्णायक की भूमिका में रहे।

क्षेत्रीय/अखिल रेल स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल को सुदृढ़ बनाना है।

प्रतियोगिताओं के दौरान वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री यथार्थ पाण्डेय, वरिष्ठ अनुवादक श्री विजय प्रताप सिंह सहित राजभाषा विभाग के कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Source - RSB

Previous Next